मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
आज दिनांक 19 नवम्बर 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा के निर्देशानुसार निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 192-संदेश विधानसभा क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सदर आरा की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव/प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन, दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि, विशेष अभियान दिवस तथा दावा एवं आपत्तियों के निष्पादन सहित विभिन्न चरणों की जानकारी दी गई। बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवम्बर 2026 को किया गया है। दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2026 तक निर्धारित है। विशेष अभियान दिवस 21 एवं 22 नवम्बर तथा 05 एवं 06 दिसम्बर 2026 को आयोजित किए जाएंगे। प्राप्त दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसम्बर 2026 तक तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार 192-संदेश विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,91,073 मतदाता हैं, जिनमें 1,52,772 पुरुष, 1,38,300 महिला एवं 01 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके साथ ही पात्र युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं एवं दिव्यांगजनों का पंजीकरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन हेतु Voter Help Line App, ECINET App एवं भारत निर्वाचन आयोग के Voters' Service Portal के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा की जानकारी दी गई। साथ ही नागरिक संबंधित निर्वाचन कार्यालयों में भी आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ स्तर पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विशेष अभियान दिवसों पर पात्र मतदाताओं को जागरूक कर पंजीकरण में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में संबंधित पदाधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
170 views | Bhojpur, Bihar | Nov 19, 2026