पितृपक्ष में सेवा शिविर का शुभारंभ: माता-पिता की स्मृति में 10 साल से सेवा, पितृपक्ष में तीर्थयात्रियों के लिए निशुल्क शिविर का मंत्री श्रवण कुमार, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी ने किया उद्घाटन
गया। पितृपक्ष मेला के अवसर पर गया शहर के तुलसी उद्यान, विष्णुपद मंदिर स्थित लखनपुरा मोड़ के समीप माता-पिता की पावन स्मृति में निशुल्क सेवा शिविर का शनिवार को शाम में शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीतीश पटेल और नगर प्रखंड चंदौती की प्रमुख सुचिता रंजनी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान अतिथियों ने शिविर में श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और आयोजन की सराहना की।
शिविर में पितृपक्ष के दौरान गया पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल, चाय और बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं. आयोजकों ने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग अपने पूर्वजों का पिंडदान और तर्पण करने के लिए गयाजी पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसी उद्देश्य से सेवा शिविर का आयोजन किया गया है।
इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पितृपक्ष मेले में देश के कोने-कोने से लोग अपने पूर्वजों को याद करने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए गयाजी आते हैं। ऐसे समय में तीर्थयात्रियों की सेवा करना बहुत महत्वपूर्ण और पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि सतीश पटेल अपने माता-पिता की स्मृति में पिछले कई वर्षों से लगातार सेवा शिविर का आयोजन कर रहे हैं। यह केवल एक शिविर नहीं, बल्कि सेवा और श्रद्धा की भावना का उदाहरण है।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जो लोग समाज की सेवा करते हैं और जरूरतमंदों एवं बाहर से आने वाले लोगों की मदद करते हैं, भगवान भी ऐसे लोगों का सहारा बनते हैं। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने आयोजकों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा सेवा कार्य को आगे भी निरंतर जारी रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गयाजी की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान पूरे देश में है। पितृपक्ष के दौरान यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने में स्थानीय लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय प्रयास है।
नगर प्रखंड चंदौती के उप प्रमुख सतीश पटेल ने बताया कि अपने माता-पिता की पावन स्मृति में इस निशुल्क सेवा शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से अधिक समय से लगातार पितृपक्ष मेले में यह शिविर लगाया जा रहा है। इस दौरान हजारों की संख्या में गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल, चाय और बिस्कुट सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने कहा कि पितृपक्ष में लोग अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए गयाजी आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सेवा कर उन्हें थोड़ी राहत देना ही शिविर का मुख्य उद्देश्य है। माता-पिता की स्मृति में शुरू किया गया यह सेवा कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है और भविष्य में भी इसे जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में बेलागंज विधायक मनोरमा देवी, युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीतीश पटेल, नगर प्रखंड चंदौती की प्रमुख सुचिता रंजनी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने सेवा शिविर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आयोजकों ने कहा कि पितृपक्ष के दौरान गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। माता-पिता की स्मृति में शुरू किया गया यह सेवा कार्य आने वाले वर्षों में भी निरंतर जारी रहेगा। इस मौके पर मौजूद लोगों ने भी सेवा शिविर की पहल की सराहना करते हुए इसे श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी बताया।
#gayawalo
#गयाजी
#गया_हो
#GayaPolice
#BJPNEWS
#पितृपक्ष
#samratchoudhary
#NitishKumar
#bihar
#नगरविकास