बड़ा भंगाल को 10 करोड़ की सौगात, तो पांगी के चस्क भटोरी की सड़क कब बनेगी?
बड़ा भंगाल के विकास को मिली नई रफ्तार, मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा
सुरेंद्र ठाकुर / Pangi Live News
बड़ा भंगाल (कांगड़ा), 28 जून।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दुर्गम बड़ा भंगाल क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याओं को करीब से समझते हुए सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ा भंगाल की जनसंख्या भले ही कम हो, लेकिन यहां की चुनौतियां बहुत बड़ी हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र तक पहुंचने के लिए अभी 16 से 18 किलोमीटर सड़क का निर्माण शेष है। इसके अलावा यहां आज भी बिजली जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं है और आपदा में प्राथमिक विद्यालय भी बह गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि योजनाएं केवल शिमला में बैठकर बनाई जाएं, तो बड़ा भंगाल की वास्तविक स्थिति का सही आकलन नहीं हो सकता। इसी उद्देश्य से वे स्वयं क्षेत्र में पहुंचे ताकि लोगों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझा जा सके।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बड़ा भंगाल तक सड़क निर्माण का कार्य हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों के लिए सड़क निर्माण हेतु 10 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता देने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार दुर्गम क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वहीं, इस घोषणा के बीच पांगी घाटी के लोग भी अपने क्षेत्र की अनदेखी का मुद्दा उठा रहे हैं। पांगी का चस्क भटोरी गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आज़ादी के चार दशक से भी अधिक समय बीत जाने के बावजूद गांव तक सड़क नहीं पहुंच सकी है। ग्रामीण आज भी अपने घर का आवश्यक सामान पीठ पर ढोकर ले जाने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं, किसी के बीमार होने पर मरीजों को पालकी में बैठाकर 6 से 7 घंटे पैदल चलकर सेचू सड़क तक पहुंचाया जाता है। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह बड़ा भंगाल के विकास के लिए सरकार ने गंभीरता दिखाई है, उसी प्रकार पांगी घाटी के चस्क भटोरी जैसे दुर्गम गांवों की समस्याओं के समाधान के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
Sukhvinder Singh Sukhu CMO Himachal Jagat Singh Negi Pangi Administration Adv Surjeet Sharma Bharmouri Harsh Mahajan Chetan Chauhan Akash Thakur The Voice of Pangwal @topfans
Chamba, Chamba | Jun 28, 2026