प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
20 सितंबर 2026
शीर्षक: ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में गूंजे देशभक्ति के स्वर।
जमुई: देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को नमन करने तथा उनके प्रति कृतज्ञता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन द्वारा बीते कल स्थानीय रावणेश्वर हॉल में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों, कलाकारों एवं अन्य अतिथियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर शहीदों की स्मृतियों को जीवंत किया। सुरीले स्वरों में पिरोई गई राष्ट्रभक्ति की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
जमुई की धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक सांस्कृतिक संध्या नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सार्थक अवसर था। हमारी सशस्त्र सेनाओं के जवान सीमाओं पर सजग प्रहरी बनकर राष्ट्र की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनके त्याग, शौर्य और समर्पण के प्रति सम्मान प्रकट करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
‘एक शाम शहीदों के नाम’ जैसे आयोजन समाज में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को हमारे वीर जवानों के योगदान से परिचित कराने का माध्यम बनते हैं। यह संध्या उन अमर बलिदानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि थी, जिनके साहस और त्याग की बदौलत हम सुरक्षित वातावरण में अपने सपनों को साकार कर पा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता सिंचाई प्रमंडल जमुई , उत्पाद अधीक्षक जमुई तथा जिला प्रशासन के सभी कर्मी, विभिन्न माध्यमों के मीडियाकर्मी तथा आम नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने देशभक्ति से ओत-प्रोत इस भावपूर्ण संध्या में सहभागिता कर वीर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Home Department, Govt. of Bihar
Bihar Education Department
Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar
Jamui, Bihar | Sep 20, 2026