प्रेस विज्ञप्ति
20 सितंबर 2026
शीर्षक: धमना में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित: नागरिकों को सूचना के अधिकार और मौलिक कर्तव्यों की दी गई जानकारी।
जमुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमुई के तत्वावधान में आज झाझा प्रखंड के धमना पंचायत में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य विषय 'सूचना का अधिकार अधिनियम एवं नागरिकों का मौलिक कर्तव्य' रखा गया था। कार्यक्रम का संचालन प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता श्री अशोक प्रसाद केसरी तथा पारा विधिक सेवक अविनाश कुमार पांडे के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता श्री अशोक प्रसाद केसरी ने उपस्थित ग्रामीणों को सूचना के अधिकार अधिनियम , 2005 के विविध पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर 2005 से देश भर में लागू इस कानून का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों को सशक्त बनाना है। हालांकि यह प्रत्यक्ष रूप से मौलिक अधिकार नहीं है, फिर भी संविधान के अनुच्छेद 19(1)(क) के तहत वाक् एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अनुच्छेद 21 के अंतर्गत जीवन एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार में निहित है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक सरकारी दस्तावेजों और सूचनाओं की प्रमाणित प्रतियां एक निश्चित समय-सीमा के भीतर प्राप्त कर सकता है।
अधिवक्ता ने नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 42वें संविधान संशोधन 1976 द्वारा स्वर्ण सिंह समिति की सिफारिश पर सोवियत संघ के संविधान से प्रेरित होकर इसे भाग-IVक के अनुच्छेद 51क में शामिल किया गया था। वर्ष 2002 में 86वें संशोधन के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 11 हो गई है। राष्ट्रध्वज व राष्ट्रगान का आदर करना, देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखना, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है।
कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। एक तरफ जहां सूचना का अधिकार नागरिकों को सरकार से सवाल पूछने और सशक्त बनने की ताकत देता है, वहीं मौलिक कर्तव्य एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का बोध कराते हैं। पारदर्शी शासन की व्यवस्था तभी पूर्ण रूप से सार्थक हो सकती है जब नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति भी उतने ही जागरूक रहें। इस जागरूकता शिविर में धमना पंचायत के मुखिया श्री प्रतीक शर्मा एवं सरपंच सौदागर शाह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Bihar Education Department
Home Department, Govt. of Bihar
Jamui, Bihar | Sep 20, 2026