वित्तीय संवेदनशीलता कम करने को लेकर परामर्श कार्यशाला आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
सुरेंद्र ठाकुर
चम्बा, 2 सितंबर
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण उत्पन्न वित्तीय संवेदनशीलता को कम करने के विषय पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में विशेष परामर्श कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में आईआईटी रोपड़, क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी ऑस्ट्रेलिया तथा क्रेया यूनिवर्सिटी चेन्नई के विशेषज्ञ वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति, आजीविका पर पड़ने वाले प्रभाव, आपदा के बाद दीर्घकालिक पुनर्बहाली तथा भविष्य की आपदाओं से निपटने की क्षमता मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने विशेषज्ञों को चम्बा जिले की भौगोलिक परिस्थितियों से अवगत करवाते हुए कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पूर्व तैयारी और जोखिम की पहचान बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अध्ययन के साथ स्थानीय स्तर की जानकारी का समुचित उपयोग कर प्रभावित परिवारों की वित्तीय एवं सामाजिक संवेदनशीलता कम करने और उनकी पुनर्बहाली क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना का उद्देश्य आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं पुनर्बहाली तक सीमित न रखते हुए पूर्व तैयारी, वित्तीय सुरक्षा, आजीविका की निरंतरता और दीर्घकालिक आपदा-लचीलापन को मजबूत करना है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने विशेषज्ञों के साथ जिले में बाढ़ से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। वहीं, सहायक अभियंता जल शक्ति गौरव कुमार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विभाग द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों एवं उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
कार्यशाला में डॉ. सागर, डॉ. सवीना, प्रो. दीपा सरकार, येसमीन, वरिष्ठ शोधकर्ता देवोपरना पोंडर और ऋतुराज महंता सहित विभिन्न विशेषज्ञ वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
Chamba, Chamba | Sep 2, 2026