स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। इसी संदेश के साथ डॉ. सुषमा शेखर ने श्री जंगली बाबा धाम, गड़वार एवं आर.के. मिशन स्कूल, सागरपाली के परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ झाड़ू लगाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस दौरान जंगली बाबा धाम परिसर और 54 कुंडीय यज्ञशाला के आसपास सामूहिक रूप से साफ-सफाई की गई। डॉ. सुषमा शेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। कचरा प्रबंधन, शौचालय का नियमित उपयोग और प्लास्टिक के न्यूनतम इस्तेमाल को जीवनशैली में शामिल करना जरूरी है।
स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन का आधार है। अपने आसपास साफ-सफाई रखकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और देश को सुंदर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और स्वच्छ भारत के निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, आसपास के वातावरण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
जल संरक्षण पर जोर देते हुए डॉ. सुषमा शेखर ने कहा कि पानी का इस्तेमाल आवश्यकतानुसार करना चाहिए और इसे व्यर्थ बहने से रोकना चाहिए। दीपावली से पहले घर-आंगन की सफाई के साथ जलभराव रोकने पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने लोगों से बाजार जाते समय कपड़े का थैला साथ रखने और प्लास्टिक का प्रयोग कम से कम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, इसलिए इसके इस्तेमाल को कम करना समय की जरूरत है।
कार्यक्रम की शुरुआत में संकल्प संस्था के नाट्यकर्मी आशीष त्रिवेदी एवं उनकी टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके बाद डॉ. सुषमा शेखर के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने मंदिर परिसर और यज्ञशाला में श्रमदान कर साफ-सफाई की तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
#Ballia #DrSushmaShekhar #SwachhBharatAbhiyan #स्वच्छभारतअभियान #स्वच्छताअभियान #स्वच्छभारत #जंगलीबाबाधाम #गड़वार #सागरपाली #जलसंरक्षण #प्लास्टिकमुक्तभारत #जनजागरूकता #BalliaKhabar
Belthara Road, Ballia | Oct 28, 2026