अमरकंटक के रामघाट में छठ महापर्व की दिखी रौनक, अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
अमरकंटक। मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक के रामघाट में छठ महापर्व के अवसर पर आस्था और भक्ति का सुंदर नजारा देखने को मिला। पर्व की परंपरा का निर्वहन करते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामघाट पहुंचे और अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस दौरान घाट पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और पूजा-पाठ के बीच पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। व्रतियों ने भगवान सूर्यदेव से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। रामघाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने छठ महापर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की झलक प्रस्तुत की।
पूजन के दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं और परिवारजनों की सहभागिता रही। वहीं आयोजन को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस बल, नगर परिषद अमला एवं संबंधित कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
मां नर्मदा के पावन तट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मनाया।
फोटो क्रेडिट : संजय श्रीवास
#छठमहापर्व #अमरकंटक #अनूपपुर #ChhathPuja #BSP24News