जंतर-मंतर घटना के विरोध में कोंच में निकला जनआक्रोश मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
उरई/कोंच। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को कोंच नगर में छात्रों के साथ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संयुक्त विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की गई।
विरोध मार्च की शुरुआत सरोजिनी नायडू पार्क से हुई, जहां से बड़ी संख्या में छात्र और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता तिरंगा और हाथों में तख्तियां लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए चंदकुआं चौराहे तक पहुंचे। पूरे रास्ते प्रदर्शनकारियों ने छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और परीक्षा व्यवस्था व छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उठाया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक और छात्र का अधिकार है। उनका आरोप था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से निर्णय लेने की मांग की।
समाजवादी पार्टी शीर्ष नेताओं ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की थी। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस प्रदर्शन में छात्र-युवा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पदाधिकारियों के अलावा रामानंद कुशवाहा, रघुवीर कुशवाहा, राघवेंद्र तिवारी, महेंद्र कुशवाहा, रवि यादव, रामकिशोर पुरोहित, अंकित आजाद, उद्दीन सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। प्रदर्शन के अंत में प्रतिभागियों ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे भी आवाज उठाने का संकल्प लिया।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 23, 2026