*मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रहण किया कार्यभार, विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को दी प्राथमिकता*
*जनता की समस्याओं तथा आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा निस्तारण*
सी.डी.ओ.
2021 बैच के आईएएस अधिकारी श्री ध्रुव खाडिया ने जनपद मऊ में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व श्री खाडिया अयोध्या में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत रहे तथा इसके बाद उन्होंने जनपद जौनपुर में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को जनपद मऊ में मुख्य विकास अधिकारी के पद का कार्यभार संभाला।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए, जिससे शासन की मंशा धरातल पर प्रभावी रूप से परिलक्षित हो सके।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं तथा आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। जनसुनवाई को प्रभावी बनाते हुए आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा उनका निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों में अपेक्षित तेजी लाते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंच सके।
*विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण*
कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाडिया द्वारा विकास भवन परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कार्यालयों में कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, कार्मिकों की उपस्थिति तथा आमजन से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयों में समयबद्धता, अनुशासन, पारदर्शिता एवं कार्यों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त श्रम रोजगार कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों, श्रमिकों को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि मनरेगा के अंतर्गत अधिक से अधिक जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा कराए जा रहे कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं उपयोगिता सुनिश्चित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनपद के विकास को नई गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनसेवा है और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ जनपद में सुशासन एवं विकास का प्रभावी वातावरण स्थापित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार राजीव कुमार, स्टेनो मुख्य विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।