*मखाना की खेती को बढ़ावा देने पर जोर, किसानों को योजनाओं एवं अनुदान की दी गई जानकारी*
नगर पालिका कम्युनिटी हॉल, मऊ में उद्यान विभाग द्वारा मखाना विकास योजना 2026-27 के अंतर्गत कृषक मेला, गोष्ठी एवं भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मनोज राय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से कृषकों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं एवं अनुदान की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला उद्यान अधिकारी राम सिंह ने मुख्य अतिथि श्री मनोज राय एवं उपस्थित अधिकारियों का बुके भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला पंचायत मनोज राय ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसान भाई शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि तथा कृषि को अधिक लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने किसानों से आधुनिक एवं नवोन्मेषी कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विनय कुमार सिंह ने किसानों को मखाना की खेती की वैज्ञानिक विधि, उत्पादन तकनीक एवं इससे होने वाले आर्थिक लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार मखाना उत्पादन के क्षेत्र में देश-दुनिया में अग्रणी है, ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी मखाना उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने जनपद के किसानों को मखाना की खेती अपनाकर कृषि के नए आयाम विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उपस्थित किसानों ने मखाना की खेती को अपनाने एवं इसके उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ने में रुचि व्यक्त की।
मत्स्य विभाग के अधिकारी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्ध अनुदान के संबंध में किसानों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वहीं उप कृषि निदेशक द्वारा कृषि विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों तथा कृषकों को मिलने वाले अनुदान के बारे में विस्तार से बताया गया।
उपनिदेशक उद्यान, आजमगढ़ मंडल, आजमगढ़ श्री जयकरण सिंह ने कृषकों को उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से संपर्क करने का अनुरोध किया। उन्होंने कृषकों को अपना एवं जिला उद्यान अधिकारी मऊ का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए कहा कि कृषक हित में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने किसानों से औद्यानिकी फसलों की ओर रुझान बढ़ाकर अपनी आय में वृद्धि करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला उद्यान अधिकारी राम सिंह ने मखाना विकास योजना के साथ-साथ उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी किसानों को दी तथा पात्र कृषकों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. आकांक्षा सिंह, जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता, सिंचाई संबंधी एग्रोनॉमिस्ट रमेश यादव, प्रगतिशील कृषक देव प्रकाश राय, जयप्रकाश सिंह, आशीष राय, अंजनी कुमार सिंह, राकेश सिंह, उद्यान निरीक्षक जसपाल सिंह, मिथिलेश सिंह, अरुण कुमार यादव, बलजीत यादव एवं अमरनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।