सेवा ज्योति यात्रा से गांव-गांव पहुंचेगा सेवा का संदेश
मऊ। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को गाजीपुर तिराहा, मऊ में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रामाश्रय मौर्य जी एवं भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री व जनपद प्रभारी श्री सहजानंद राय जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री ए.के. शर्मा जी ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने का मार्ग दिखाया है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी भावना के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर तिराहे से प्रज्वलित होने वाली सेवा की यह ज्योति केवल एक स्थान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मऊ के गांव-गांव तक सेवा और समर्पण का संदेश पहुंचाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं से होती है और सेवा पखवाड़ा कार्यकर्ताओं को समाज के बीच जाकर सेवा कार्य करने का अवसर प्रदान करता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रामाश्रय मौर्य जी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सेवा ज्योति यात्रा भाजपा की सेवा, समर्पण और संगठन की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और भाजपा का संगठन जनसेवा के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग से जुड़ने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के लाइव प्रसारण संबोधन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, दिशा और मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री एवं जनपद प्रभारी श्री सहजानंद राय जी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “सभी को जय सुहेलदेव! सेवा ज्योति यात्रा में आप सभी का स्वागत है। हम सब मिलकर भारतीय जनता पार्टी को मऊ में और मजबूत करेंगे।” उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से निरंतर मजबूत हो रहा है। सेवा और संगठन के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना ही पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के लाइव प्रसारण संबोधन को कार्यकर्ताओं ने सुना। संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला।
कार्यक्रम में भाष्कर निषाद, मनोज राय, रामविलास चौहान,अशोक सिंह, उमेश चन्द पाण्डेय, श्रीराम सोनकर, सुनील गुप्ता, अनील श्रीवास्तव,मुन्ना दुबे.अरविंद कुमार सिंह, नूपूर अग्रवाल, संजय पाण्डेय, प्रीतुलता पांडेय, संगीता द्विवेदी,पूजा राय, राघवेंद्र राय शर्मा,प्रतीक जायसवाल, कृष्णकांत राय, इन्द्रदेव भारती,रामशरण चौहान, संजय मौर्य, आकाश मल्ल, सुनील कुमार दुबे,सुनील यादव, अवधेश सोनकर, नीलम सर्राफ, मीना अग्रवाल, भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन राघवेन्द्र राय शर्मा ने किया।