चंबा। मणिमहेश यात्रा के लिए निकले दो युवकों का सफर मंजिल तक पहुंचने से पहले ही मौत की खाई में समा गया। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर दुनाली और गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल नंबर PB-35U-2347 पर सवार होकर मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर की ओर जा रहे थे। देर रात करीब आठ बजे के बाद हनुमान मंदिर के पास अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान ज्योति निवासी पठानकोट और अनिल कुमार पुत्र हरबंस निवासी पंगोली, पठानकोट के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही गैहरा पुलिस चौकी की टीम और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद करीब 200 मीटर गहरी खाई में उतरकर दोनों शवों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों और पुलिस जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मोटरसाइकिल किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
उधर, हादसे की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मणिमहेश की आस्था के सफर पर निकले दो परिवारों के चिराग रास्ते में ही बुझ गए।
#Pathankot #Bharmour #National #Highway #Chamba #Himachal #Pradesh #post #highlight
Chamba, Chamba | Sep 14, 2026