#भरतपुर। जिले के गहनौली थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 2.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बार पीपर मोड़ के पास भरतपुर की ओर से करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित एसयूवी ने सामने से आ रही तीन गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गाड़ियों में सवार 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे का शिकार हुए ग्वालियर (मध्य प्रदेश) निवासी ब्रज किशोर अपने परिवार की तीन महिलाओं के साथ बालाजी के दर्शन करने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सामने से तेज रफ्तार में बेकाबू होकर आ रही एसयूवी को देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क किनारे साइड में कर ली थी, लेकिन इसके बावजूद एसयूवी पहले आगे चल रही गाड़ी से भिड़ी और फिर उनकी कार सहित अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद एसयूवी भी मौके पर ही रुक गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर गहनौली थाना प्रभारी कृष्ण वीर सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने हाईवे से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर बाधित यातायात को फिर से सुचारू करवा दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
Bharatpur, Bharatpur | Nov 24, 2026