किशनगंज डीएम बाढ़ को लेकर शक्त निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को सतर्क रहने,संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण करने एवं राहत-बचाव कार्यों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश
प्रेस विज्ञप्ति 493, आज दिनांक 23.06.2026
किशनगंज जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में संभावित बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संभावित बाढ़, कटाव तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण (PPT) के माध्यम से जिले के बाढ़ संभावित क्षेत्रों, कटाव स्थलों एवं राहत-बचाव से संबंधित तैयारियों की विस्तृत जानकारी जिला पदाधिकारी महोदय को दी। जिला पदाधिकारी महोदय ने आश्रय स्थलों, सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन), जीवन रक्षक दवाओं, सर्पदंश उपचार हेतु आवश्यक दवाओं, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने पूर्व वर्षों में जिले में आई बाढ़ की स्थिति तथा उस दौरान किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा अनुभवों के आधार पर इस वर्ष की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेते हुए सर्पदंश सहित अन्य आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बैठक में पशुओं के लिए उपलब्ध दवाओं, चारा व्यवस्था तथा बाढ़ की स्थिति में पशुओं को सुरक्षित रखने हेतु चिन्हित स्थलों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिला पदाधिकारी महोदय ने पशुधन की सुरक्षा हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अस्थायी शौचालय एवं चापाकल स्थापित करने में लगने वाले समय की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं अंचल अधिकारियों को कटाव प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने का निर्देश दिया। जिन सड़कों पर कटाव की संभावना है, वहां संबंधित अभियंताओं द्वारा स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार आवास एवं भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करने, जल संसाधन विभाग (WRD) की टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण करने तथा चिन्हित आश्रय स्थलों का भी नियमित निरीक्षण करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के माध्यम से उपलब्ध नावों तथा अन्य राहत-बचाव संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को कटाव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान आधार सीडिंग कार्य की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को अगले दो से तीन दिनों के भीतर लंबित आधार सत्यापन एवं सीडिंग कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
विशेष रूप से टेढ़ागाछ अंचलाधिकारी को जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ बाढ़ एवं कटाव स्थलों का संयुक्त निरीक्षण करने, आश्रय स्थलों का भ्रमण करने तथा आवश्यकतानुसार एसएसबी से समन्वय स्थापित कर सहयोग प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं ठाकुरगंज अंचलाधिकारी द्वारा 19वीं एवं 41वीं बटालियन से प्राप्त सहयोग तथा उपलब्ध नावों एवं अन्य संसाधनों की जानकारी बैठक में साझा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने तथा सरकारी एवं व्यक्तिगत मोबाइल नंबर हर समय चालू रखने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर माइकिंग के माध्यम से लोगों को समय पर सूचना देने, जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष (Control Room) की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आमजनों की सुविधा हेतु बाढ़ एवं आपदा संबंधी सूचना के आदान-प्रदान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06456-225152 (टोल फ्री आपदा हेल्पलाइन) तथा व्हाट्सएप आधारित सूचना तंत्र को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी अधिकारियों को किसी भी आपात सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में बाढ़ का मौसम है तथा जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में सभी विभाग एवं अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहें तथा किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. उमैर, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, कार्यपालक अभियंता एफसीडी, आरडब्ल्यूडी-1, आरडब्ल्यूडी-2, आरसीडी, सिविल सर्जन, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, एसडीआरएफ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे तथा वीसी के माध्यम से जिले के संबंधित अंचलाधिकारी जुड़े थे। #viralpost #viralreelschallenge #viralchallenge #newyork #2026Goals #allflowers #Kishanganj #DM
District Kishanganj