प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई
06 नवंबर 2026
शीर्षक: जमुई में एफएसटीपी निर्माण को लेकर भूमि का निरीक्षण, स्वच्छता प्रबंधन को मिलेगा बढ़ावा।
जमुई: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा मानव मल के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा पहल की जा रही है। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त श्रीमती शिप्रा विजय कुमार चौधरी द्वारा ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण हेतु उपलब्ध कराई गई भूमि का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने भूमि की उपयुक्तता एवं निर्माण से संबंधित आवश्यक पहलुओं का जायजा लिया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई, जिला स्वच्छता समन्वयक, जिला समन्वयक, लोहिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी, khaira एवं संबंधित अभियंताओं सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। एफएसटीपी का निर्माण khaira प्रखंड के kendih पंचायत में प्रस्तावित है।
एफएसटीपी एक आधुनिक एवं वैज्ञानिक संयंत्र है, जिसके माध्यम से घरों के सेप्टिक टैंक तथा शौचालयों से निकलने वाले मानव मल (फीकल स्लज) का सुरक्षित तरीके से संग्रहण, उपचार एवं निस्तारण किया जाता है। इस प्रक्रिया के तहत अपशिष्ट को वैज्ञानिक तकनीक से उपचारित कर पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाता है, ताकि अनुपचारित मल सीधे नदियों, तालाबों अथवा खुले स्थानों में न पहुंचे। उपचार प्रक्रिया के बाद प्राप्त ठोस अवशेष का उपयोग सुरक्षित जैविक खाद के रूप में तथा उपचारित जल का उपयोग सिंचाई कार्यों में किया जा सकता है।
इस संयंत्र की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता प्रबंधन को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने, पर्यावरण संरक्षण तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त होगा। यह पहल स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामीण परिवेश के निर्माण के साथ-साथ स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायक होगी।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त द्वारा उपस्थित संबंधित अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा प्रस्तावित निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
Jamui, Bihar | Nov 6, 2026