प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
06 नवंबर 2026
शीर्षक: गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर जिलेभर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, त्रिपुरारी घाट एवं हनुमान घाट पर जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया श्रमदान; जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता में जनभागीदारी की अपील।
जमुई: राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG), जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार एवं नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर शुक्रवार को जमुई जिले में व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण तथा इनके प्रति आम नागरिकों में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना रहा।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में त्रिपुरारी घाट एवं हनुमान घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वयं श्रमदान कर घाटों की साफ-सफाई की तथा आम लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने का संदेश दिया।
अभियान को जिलेव्यापी स्वरूप प्रदान करते हुए सभी प्रखंडों में भी एक साथ स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न जल स्रोतों का भ्रमण कर स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान तालाबों, नदियों, घाटों एवं अन्य जल निकायों की साफ-सफाई की गई तथा स्थानीय लोगों को इनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस प्रकार जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड स्तर तक प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता और जल संरक्षण का सामूहिक संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। जल स्रोत हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और इनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आम नागरिकों से जल स्रोतों में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ नहीं डालने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा समय-समय पर आयोजित होने वाले स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
स्वच्छता एवं जल स्रोतों का संरक्षण किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे जनजीवन का नियमित हिस्सा बनाने की आवश्यकता है। सामूहिक प्रयास, जनभागीदारी और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव के माध्यम से ही जिले के प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं संरक्षित रखा जा सकता है। गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर आयोजित यह अभियान इसी दिशा में एक सार्थक पहल है।
65 views | Jamui, Bihar | Nov 6, 2026