“स्कूल हेल्थ एक्टिविटी” कार्यक्रम के तहत छात्राओं को डेंगू रोग से बचाव की दी जानकारी
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत डेंगू रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए “स्कूल हेल्थ एक्टिविटी” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को डेंगू रोग के कारण, लक्षण, बचाव एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में 04 अगस्त को शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, कल्याणपुरा में “डेंगू रोग के लक्षण एवं बचाव” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को बैनर, पोस्टर एवं पम्पलेट्स के माध्यम से डेंगू रोग से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में डेंगू सहित अन्य वाहक जनित रोगों के प्रति सामुदायिक जागरूकता विकसित करना, इन बीमारियों के प्रसार पर नियंत्रण तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उपायों से अवगत कराना है। उक्त गतिविधियों का संचालन वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड के मलेरिया निरीक्षक एवं प्रभारी मलेरिया निरीक्षक द्वारा किया जा रहा है।
इस अवसर पर छात्राओं को प्रेरित किया गया कि वे अपने माता-पिता को घरों में मच्छर जाली लगाने, पूरी बांह के कपड़े पहनने तथा रात एवं दिन में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने के लिए जागरूक करें। साथ ही घरों में पानी के कंटेनरों की साप्ताहिक रूप से नियमित साफ-सफाई करने, घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने, छतों पर रखे बेकार टायर, फूलदान, गमलों एवं अन्य पात्रों में पानी एकत्र नहीं होने देने तथा जमा पानी को समय-समय पर खाली करने की सलाह दी गई। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य कार्यकर्ता अथवा निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में रक्त जांच कराने की भी समझाइश दी गई।
कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य, मलेरिया निरीक्षक कल्याणपुरा श्री धनसिंह चौहान, नेत्र सहायक श्री राजदान एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP