मलेरिया प्रभावित ग्रामों में लार्वाभक्षी गॅम्बुसिया मछलियों का किया जा रहा संचयन
वर्षा ऋतु में मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसे वाहक जनित रोगों के संभावित प्रसार को रोकने के उद्देश्य से जिले के सभी विकासखंडों के चयनित मलेरिया प्रभावित ग्रामों के स्थायी एवं अस्थायी जलस्रोतों में लार्वाभक्षी गॅम्बुसिया मछलियों का संचयन कराया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि गॅम्बुसिया मछली मच्छरों के लार्वा को खाकर नष्ट कर देती है, जिससे मच्छरों का प्रजनन रुकता है और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में प्रभावी सहायता मिलती है। विभाग द्वारा प्रतिवर्ष जिले के विभिन्न स्थायी एवं अस्थायी जलस्रोतों में गॅम्बुसिया मत्स्य बीज का संचयन कराया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी कार्ययोजना के अनुसार सभी विकासखंडों में मलेरिया निरीक्षक, सर्विलेंस वर्कर, एएनएम, आशा, आशा सहयोगिनी तथा स्वास्थ्य विभाग के फील्ड कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जलस्रोतों में गॅम्बुसिया मत्स्य बीज डाला जा रहा है।
अभियान के दौरान फील्ड कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि मत्स्य बीज संचयन के साथ-साथ ग्रामों का सर्वेक्षण कर बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान करें तथा उनकी तत्काल जांच एवं उपचार सुनिश्चित करें। इसके अलावा मच्छरों के लार्वा की रोकथाम के लिए नियमित लार्वा सर्वे की कार्यवाही भी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने घरों में मच्छररोधी जालियों का उपयोग करें, पूरी बाँह के कपड़े पहनें तथा दिन एवं रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। घरों में पानी के कंटेनरों की साप्ताहिक सफाई नियमित रूप से करें तथा घर एवं आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। छतों पर रखे बेकार टायर, फूलदान, गमलों एवं अन्य पात्रों में जमा पानी को समय-समय पर खाली करें। यदि परिवार के किसी सदस्य को बुखार आए तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र अथवा स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क कर रक्त जांच अवश्य कराएं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP