ग्राम वागलावाट मोहनिया में AES संदिग्ध बालक की मृत्यु के बाद स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई
प्रभावित क्षेत्र में नहीं मिला कोई नया संदिग्ध मरीज, स्वास्थ्य विभाग द्वारा सतत निगरानी जारी
विकासखंड राणापुर के ग्राम वागलावाट मोहनिया में एक बालक की तेज बुखार, लगातार उल्टी, झटके एवं अचेतन अवस्था के उपरांत उपचार के दौरान मृत्यु होने की सूचना प्राप्त होने पर स्वास्थ्य विभाग ने संभावित एक्यूट एन्सेफेलाइटिस सिंड्रोम (AES) के दृष्टिगत तत्काल जिला स्तरीय रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) को सक्रिय किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में 05 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय टीम ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर एक्टिव केस सर्विलेंस (ACS), घर-घर स्वास्थ्य सर्वेक्षण, रोग अन्वेषण तथा जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित कीं। अभियान के अंतर्गत ग्राम वागलावाट मोहनिया, आंबापाड़ा एवं बडलीपाड़ा क्षेत्र के लगभग 380 घरों में भ्रमण कर 15 वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की जा रही है।
आज किए गए सर्वेक्षण के दौरान ग्राम वागलावाट मोहनिया में किसी भी अन्य AES संदिग्ध मरीज की पहचान नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को तेज बुखार, लगातार उल्टी, झटके, बेहोशी अथवा मानसिक स्थिति में परिवर्तन जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने पर बिना विलंब निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था में पहुंचने की सलाह दी। साथ ही संबंधित एएनएम, सीएचओ एवं आशा कार्यकर्ताओं को आगामी 14 दिनों तक प्रतिदिन सक्रिय निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध प्रकरण की तत्काल सूचना स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला स्तरीय रैपिड रिस्पॉन्स टीम में डॉ. जी. एस. चौहान (जिला टीकाकरण अधिकारी), डॉ. हेमेंद्र देवड़ा (जिला स्वास्थ्य अधिकारी-3), श्रीमती राधा चौहान (जिला मलेरिया अधिकारी), श्री जितेंद्र बघेल, श्री झितरसिंह सोलंकी (सेक्टर सुपरवाइजर), सीएचओ, एएनएम, आशा सुपरवाइजर एवं संबंधित आशा कार्यकर्ता शामिल रहे। टीम द्वारा आवश्यकतानुसार सैंपलिंग एवं अन्य सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी कार्यवाही भी सुनिश्चित की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बच्चे में तेज बुखार, लगातार उल्टी, झटके, बेहोशी अथवा मानसिक स्थिति में परिवर्तन जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय तत्काल निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था में संपर्क करें, ताकि समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र की सतत निगरानी की जा रही है तथा राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय निरंतर जारी हैं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP