**हिमाचल के लिए गर्व का क्षण, IGMC के डॉ. बिरसुखमन सिंह को राष्ट्रीय सम्मेलन में मिला प्रथम पुरस्कार**
**CODFICON-2026 में सर्वश्रेष्ठ मौलिक शोध पत्र प्रस्तुति के लिए हुए सम्मानित, हाथों के एक्जिमा पर किया था शोध**
**शिमला, 1 नवंबर।** इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला के त्वचा रोग विभाग के चिकित्सक एवं रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) के अध्यक्ष डॉ. (मेजर) बिरसुखमन सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्हें 1 नवंबर को आयोजित 16वें राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन CODFICON-2026 में सर्वश्रेष्ठ मौलिक शोध पत्र प्रस्तुति (Best Original Research Paper Presentation) के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
डॉ. बिरसुखमन सिंह ने यह शोध हाथों के एक्जिमा (Hand Dermatitis) से पीड़ित मरीजों पर किया था। शोध में पैच टेस्टिंग के माध्यम से घरेलू एलर्जेन्स (Household Allergens) की भूमिका और उनके महत्व का अध्ययन किया गया। इस शोध के जरिए हाथों के एक्जिमा से प्रभावित मरीजों में घरेलू वातावरण में मौजूद एलर्जी पैदा करने वाले तत्वों की पहचान और उनकी भूमिका को समझने का प्रयास किया गया।
सम्मेलन में देशभर से त्वचा रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया। इसमें AIIMS नई दिल्ली, PGIMER चंडीगढ़ और GMCH चंडीगढ़ समेत देश के कई प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के वरिष्ठ प्रोफेसर, विभागाध्यक्ष और विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे। ऐसे राष्ट्रीय मंच पर डॉ. सिंह को प्रथम पुरस्कार मिलना IGMC शिमला के साथ पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
डॉ. बिरसुखमन सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों, मार्गदर्शकों, सहकर्मियों और IGMC शिमला के त्वचा रोग विभाग को दिया है। उन्होंने कहा कि सभी के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है। उनकी इस सफलता से चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में प्रदेश के चिकित्सकों की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।