#दिल्ली महारैली में हिमाचल से माकपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
SIR प्रक्रिया रद्द करने और काटे गए वोट बहाल करने की उठाई आवाज, माकपा ने कहा- मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
शिमला। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा के हिमाचल प्रदेश से हजारों कार्यकर्ताओं ने रविवार को दिल्ली में आयोजित INDIA ब्लॉक की महारैली में हिस्सा लिया। इस महारैली में देशभर से लाखों लोगों के शामिल होने का दावा करते हुए प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
माकपा का आरोप है कि केंद्र की भाजपा सरकार के दबाव में काम कर रहे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में देश के करोड़ों लोगों के मताधिकार को प्रभावित किया गया है और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों पर हमला करार दिया।
महारैली के दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने और जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनके वोट बहाल करने की मांग की गई। इसके अलावा चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानून में संशोधन करने और देश में व्यापक चुनाव सुधार लागू करने की मांग भी उठाई गई।
माकपा के राज्य सचिव संजय चौहान ने कहा कि दिल्ली की महारैली में उमड़ा जनसैलाब इस बात का संकेत है कि देश की जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ कार्रवाई करने और SIR प्रक्रिया को रद्द करने की मांगों पर उचित कदम नहीं उठाए जाते, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। माकपा ने स्पष्ट किया कि मताधिकार की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पार्टी देशभर में संघर्ष तेज करेगी।