राजस्थान विधानसभा में संबोधित करेंगे वैर के यश मंगल, प्रबल राजस्थान में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
वैर (भरतपुर)। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वैर के कक्षा 11वीं के छात्र यश मंगल, पुत्र श्री संजय कुमार, ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महारासर, सेवर में आयोजित जिला स्तरीय प्रबल राजस्थान कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण/आशु भाषण प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में यश मंगल ने “किशोरावस्था में सोशल मीडिया एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस” जैसे समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषय पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने अपनी तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास, विषय की समझ एवं प्रभावी अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
इस शानदार उपलब्धि के आधार पर यश मंगल का चयन राज्य स्तरीय राजस्थान युवा सभा के लिए हुआ है। अब वे राजस्थान विधानसभा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपना संबोधन प्रस्तुत करेंगे। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने एवं विभिन्न मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, प्रभावी संवाद एवं 21वीं सदी के कौशलों का विकास करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। यश मंगल की यह सफलता विद्यार्थियों को अवसर प्रदान करने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का प्रेरणादायक उदाहरण है।
Weir, Bharatpur | Oct 17, 2026