भरतपुर जिला बॉक्सिंग संघ ने पदक विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान, 25 साल से निःशुल्क प्रशिक्षण दे रहे कोच सोलंकी का भी हुआ अभिनंदन
भरतपुर। भरतपुर जिला बॉक्सिंग संघ की ओर से पूर्व जिला प्रमुख राजवीर सिंह फौजदार की अध्यक्षता में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बॉक्सिंग कोच एवं 2 स्टार अंतरराष्ट्रीय रेफरी सुरेंद्र कुमार सोलंकी सहित राज्य स्तरीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले दो खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
बॉक्सिंग कोच इंजीनियर घमंडी सिंह नहारौली ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर की ओर से आयोजित अंडर-14 स्कूली राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीवना नगला निवासी आयुष सोगरवाल ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। वहीं, अंडर-17 स्कूली राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में मौरोली कला निवासी भूमिका फौजदार ने कांस्य पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों को साफा, माला, दुपट्टा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
25 वर्षों से निःशुल्क प्रशिक्षण दे रहे कोच सोलंकी
समारोह में बॉक्सिंग कोच सुरेंद्र कुमार सोलंकी के योगदान की भी सराहना की गई। सोलंकी पिछले 25 वर्षों से भरतपुर जिले में खिलाड़ियों को निःशुल्क बॉक्सिंग प्रशिक्षण दे रहे हैं। वर्तमान में वे महर्षि दयानंद सरस्वती वैदिक साधु आश्रम, जघीना गेट, भरतपुर में छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
संघ की कार्यकारिणी में दो सदस्य मनोनीत
भरतपुर जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष राजवीर सिंह फौजदार ने नगर निगम पार्षद वीरू गोपाल नगला एवं कृष्णा सोगरवाल सोगर को संघ की कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया।
आठ साल के प्रयासों से स्कूली खेलों में शामिल हुई बॉक्सिंग
समारोह में राजस्थान के स्कूली खेलों में बॉक्सिंग को शामिल करवाने के लिए करीब आठ वर्षों तक अथक प्रयास करने वाले बॉक्सिंग प्रशिक्षकों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस कार्य में सुरेंद्र कुमार सोलंकी, डॉ. जुबेर खान (अलवर), डॉ. दीपेंद्र सिंह चौहान, डॉ. ओपी भड़ाना, संजीव शर्मा, डॉ. हेमराज चौधरी, प्रवीण सिंह, शंकर लाल सैनी एवं इंजीनियर घमंडी सिंह नहारौली सहित अन्य लोगों का योगदान रहा।
इस अवसर पर भरतपुर जिला बॉक्सिंग संघ के संरक्षक गिरधारी तिवारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता सचिव भगवान सिंह गुर्जर, धाऊपासा, लखन शर्मा, मोनू लवानिया, बंटू सरपंच, ओमवीर सरपंच, राहुल तमरेर, लाल सिंह सरपंच सुनारी, इंजीनियर भानुप्रताप सिंह, उदय गुर्जर अनाह, डॉ. देवेंद्र भारद्वाज, दीपक सोलंकी, बॉक्सर अरविंद केसरिया नगला, बॉक्सर पुष्पेंद्र जघीना, एडवोकेट शैलेंद्र शर्मा, परशुराम, पीटीआई वैर, कमलेश रोतवार, इंद्र पहलवान एवं रामगोपाल पीटीआई अवार सहित अन्य लोगों ने पदक विजेता खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Weir, Bharatpur | Oct 16, 2026