दुर्गापूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सजग नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल दें सूचना : जिला प्रशासन
जमुई: दुर्गापूजा आस्था, विश्वास और शक्ति की आराधना का महापर्व है, जो समाज में श्रद्धा, सौहार्द, एकता और पारस्परिक सद्भाव का संदेश देता है। इस पावन अवसर पर जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए सभी महत्वपूर्ण स्थलों, चिह्नित संवेदनशील स्थलों तथा पूजा पंडालों में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ– साथ सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। लेकिन पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक सजग नागरिक की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
जिला प्रशासन समस्त जिलावासियों से अपील करता है कि वे अपने आसपास सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक हरकत, अप्रिय घटना अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की अनदेखी न करें और स्वयं कार्रवाई करने के बजाय इसकी सूचना संबंधित पदाधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों से यह भी आग्रह करता है कि वें मेले एवं पूजा पंडालों में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें तथा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा का ध्यान रखें। अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी अपुष्ट सूचना, फोटो या वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। पूजा पंडालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे का वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन, जमुई द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अप्रिय घटना, असामाजिक हरकत अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना देने के लिए नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06345-224799 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जमुई के कार्यालय के नंबर 06345-222301 एवं 06345-222302 तथा अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, जमुई के नंबर 06345-222006 पर भी सूचना दी जा सकती है। अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग के नंबर 06345-222820, 9470003337 एवं 9835616861, अग्निशमनालय पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 7808412480, कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत प्रमंडल, जमुई के मोबाइल नंबर 7763814452 तथा अधीक्षक, मद्यनिषेध, जमुई के मोबाइल नंबर 7004208801 एवं 9473400616 जारी किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में उपरोक्त सभी संबंधित नियंत्रण कक्ष के नंबरो पर तत्काल सूचित करें, ताकि आवश्यक सहायता एवं कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन समस्त मीडिया बंधुओं से भी अपील करता है कि वे अपने-अपने लोकप्रिय संचार माध्यमों, समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं सोशल मीडिया के जरिए जिला नियंत्रण कक्ष सहित सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। ताकि जिले के अधिकाधिक नागरिकों तक इन नंबरों की जानकारी पहुँच सके और आवश्यकता पड़ने पर वे त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।
जिला प्रशासन, जमुई समस्त जिलावासियों को दुर्गापूजा की हार्दिक शुभकामनाएँ देता है तथा माँ दुर्गा से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना करता है।
Khaira, Jamui | Oct 18, 2026