#बलरामपुर! हादसे में तीन मौतों से गमगीन परिवारों से मिले डीएम-एसपी, हरसंभव मदद का भरोसा...
चालक गिरफ्तार, वाहन कब्जे में; घायलों का चल रहा इलाज...
#बलरामपुर। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम चरनगहिया बेलहा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत से शोक की लहर है। रविवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। अधिकारियों ने इस कठिन घड़ी में जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि ग्राम चरनगहिया बेलहा में सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे लोगों को एक अनियंत्रित वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हादसे में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
#dmbalrampur #spbalrampur