#उतरौला में पुलिस का फ्लैग मार्च, अराजक तत्वों को सख्त चेतावनी...
नवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था परखी, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने किया भ्रमण; अफवाह फैलाने वालों पर भी रहेगी नजर
#उतरौला (बलरामपुर)। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रविवार को उतरौला कस्बे में पुलिस ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी योगेन्द्र शरण साह और क्षेत्राधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, दुर्गा पूजा पंडालों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही अराजक तत्वों को शांति व्यवस्था बिगाड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में निकला फ्लैग मार्च कोतवाली उतरौला से शुरू होकर मुख्य बाजार, दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन रोड से होते हुए थाने पर समाप्त हुआ।
इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव जाने। लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का भी जायजा लिया।
ड्रोन-कैमरों से होगी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर नजर
त्योहार के दौरान मेला स्थलों और जुलूसों में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाहें और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर साइबर एवं सोशल मीडिया सेल नजर रखेगी।
पुलिस ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने को कहा गया है। फ्लैग मार्च में प्रभारी निरीक्षक उतरौला सहित थाने का पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं।
#balrampurpolice #dmbalrampur #utraula