उत्तराखंड: बागेश्वर का प्राचीन भगवती मंदिर आग में जलकर खाक
16 October, 2026
पिथौरागढ़, 16 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के दूरस्थ बड़ियाकोट क्षेत्र में देवी भगवती को समर्पित लकड़ी का एक प्राचीन मंदिर शुक्रवार सुबह आग लगने से जलकर खाक हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आग से मंदिर के ऐतिहासिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
यह मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल था।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
कपकोट के उपमंडल कार्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर मल्ला दानपुर स्थित यह मंदिर अपनी पारंपरिक काष्ठ वास्तुकला और बारीक नक्काशी के लिए प्रसिद्ध था।
घटना से स्थानीय निवासी और श्रद्धालु दुखी हैं।
सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।
स्थानीय लोगों को आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट या मंदिर में जलाए गए तेल के दीयों के कारण लगी होगी।
बड़ियाकोट गांव के निवासी आन सिंह ने बताया, “मां भगवती मंदिर में शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं ने आग लगी देखी। दूरस्थ क्षेत्र में अग्निशमन सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण मदद पहुंचने से पहले मंदिर घंटों तक जलता रहा।”
उन्होंने बताया कि नवरात्र के दौरान मंदिर के जलकर खाक होने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।