नरवाई जलाने पर प्रशासन सख्त, पांच हार्वेस्टर पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित
-------------------------------------------
किसानों को सुपर सीडर एवं बेलर मशीनों से नरवाई प्रबंधन करने की सलाह, समितियों के माध्यम से किराये पर उपलब्ध कराए जा रहे कृषि यंत्र
-------------------------------------------
विदिशा। जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने, पर्यावरण संरक्षण तथा भूमि की उर्वरता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नरवाई प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने वाले हार्वेस्टर संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पांच हार्वेस्टर पर कुल 25 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) विदिशा द्वारा प्रत्येक हार्वेस्टर पर पांच-पांच हजार रुपये के मान से यह जुर्माना लगाया गया है। इसी क्रम में हार्वेस्टर संचालक श्री अरविंद शर्मा, निवासी ग्राम पैरवारा लश्करपुर तथा श्री रामराज सिंह दांगी, निवासी ग्राम सांकलखेड़ा कलां पर पांच-पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नरवाई प्रबंधन संबंधी निर्देशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
▪️ नरवाई जलाने से भूमि की उर्वरता और पर्यावरण को नुकसान -
फसल कटाई के बाद खेतों में बचने वाले अवशेषों को जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीवों को नुकसान पहुंचता है। इसके साथ ही भूमि की प्राकृतिक उर्वरता प्रभावित होती है तथा वातावरण में धुआं फैलने से वायु प्रदूषण की समस्या भी बढ़ती है। नरवाई जलाने से आग आसपास के खेतों तक फैलने की आशंका भी बनी रहती है। इन दुष्प्रभावों को रोकने के लिए किसानों से फसल अवशेषों का वैज्ञानिक एवं उचित प्रबंधन अपनाने की अपील की गई है।
▪️ सुपर सीडर से बिना नरवाई जलाए कर सकते हैं गेहूं व चना की बोनी -
कृषि विभाग द्वारा किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए सुपर सीडर मशीन का उपयोग करने की सलाह दी गई है। विदिशा तहसील क्षेत्र में सुपर सीडर मशीन की सुविधा उपलब्ध है। इस मशीन के माध्यम से हार्वेस्टिंग के बाद खेत में बचे फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करते हुए सीधे गेहूं एवं चना की बोनी की जा सकती है। इससे खेत में मौजूद नरवाई को जलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और किसान समय एवं लागत दोनों की बचत कर सकते हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित समितियों के माध्यम से सुपर सीडर मशीन किराये पर उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि छोटे एवं सीमांत किसान भी इन आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ उठा सकें।
▪️ बेलर मशीन से बनाई जा सकती हैं नरवाई की गांठें -
नरवाई प्रबंधन के लिए बेलर मशीन भी उपयोगी विकल्प है। इसके माध्यम से खेत में बचे फसल अवशेषों को एकत्रित कर उनकी गांठें बनाई जा सकती हैं तथा उन्हें खेत से बाहर निकाला जा सकता है। इससे खेत को अगली फसल की बोनी के लिए तैयार करने में सुविधा मिलती है और नरवाई जलाने की जरूरत भी समाप्त होती है। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा किसानों और हार्वेस्टर संचालकों से अपील की गई है कि फसल कटाई के दौरान नरवाई प्रबंधन के निर्धारित निर्देशों का पालन करें। खेतों में आग लगाने के बजाय सुपर सीडर, बेलर सहित उपलब्ध आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग करें। पर्यावरण संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता और आगामी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए नरवाई न जलाएं तथा वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने में सहभागी बनें। #vidisha Jansampark Madhya Pradesh