दहेज प्रथा, नशाखोरी से दूर रहकर शिक्षा और स्वरोजगार को दें प्राथमिकता – आयोग सदस्य बारेलाल अहिरवार
-------------------------------------------
अखिल भारतीय युवक-युवती परिचय कार्यक्रम एवं समरसता सम्मेलन में शामिल हुए अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य, वैवाहिक पत्रिका का किया विमोचन
-------------------------------------------
विदिशा। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार आज विदिशा स्थित रविन्द्र नाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन में संत शिरोमणि गुरु रविदास महापीठ जिला विदिशा द्वारा आयोजित अखिल भारतीय युवक-युवती परिचय कार्यक्रम एवं समरसता सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक बंधुओं को संबोधित करते हुए समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, नशामुक्ति अपनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
आयोग सदस्य श्री अहिरवार ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सबसे पहले सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से दहेज प्रथा को बंद करने पर जोर देते हुए कहा कि विवाह जैसे पवित्र सामाजिक संस्कार को दहेज के लेन-देन से मुक्त रखा जाना चाहिए। युवक-युवतियों के वैवाहिक संबंध आपसी समझ, संस्कार, शिक्षा और पारिवारिक सामंजस्य के आधार पर तय किए जाने चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को दहेज प्रथा के उन्मूलन के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शासन द्वारा विभिन्न वर्गों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। समाज के लोगों को इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाना चाहिए। योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी योग्यता, कौशल और उद्यमशीलता के बल पर स्वयं रोजगार स्थापित करें और भविष्य में अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति में आएं।
श्री अहिरवार ने नशामुक्ति अभियान को समाज के भविष्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बताते हुए कहा कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। इसलिए समाज के सभी नागरिकों को नशे से दूर रहना चाहिए तथा युवाओं को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के प्रत्येक सदस्य की सामूहिक सहभागिता से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि शिक्षा ही सामाजिक जागरूकता, आत्मनिर्भरता और प्रगति का आधार है। समाज के प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए प्रयास करना चाहिए। विशेषकर युवाओं को उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा वैवाहिक पत्रिका का विमोचन भी किया गया। अखिल भारतीय युवक-युवती परिचय कार्यक्रम के आयोजन को विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके परिवारों के लिए आपसी परिचय और उपयुक्त वैवाहिक संबंध तलाशने का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया गया। समरसता सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी सहयोग, शिक्षा, संस्कार, नशामुक्ति और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए। कार्यक्रम में समाज के बंधुओं की सहभागिता रही। #vidisha Jansampark Madhya Pradesh