मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम वासियों को दी आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात*
100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, सेक्टर-48 में नए ई-बस डिपो का भी किया उद्घाटन
*गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन के इतिहास में नए अध्याय की शुरुआत, 100 इलेक्ट्रिक बसों के जुड़ने से बेड़े की संख्या हुई 250 : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*
मुख्यमंत्री ने कहा, गुरुग्राम की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का होगा विस्तार
*विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में स्वच्छ और आधुनिक शहरों की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 28 नवंबर।
Aonenews अरविन्द बक्शी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम वासियों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की बड़ी सौगात देते हुए शनिवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के बेड़े में शामिल की गई ये बसें यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने और वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में भी अहम भूमिका निभाएंगी। ये बसें गुरुग्राम जिले के 20 विभिन्न रूटों पर संचालित होंगी, जिससे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 17 करोड़ की लागत से विकसित सेक्टर-48 स्थित जीएमसीबीएल के नए ई-बस डिपो का उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा भी गरिमामयी उपस्थिति में शामिल हुए।
*गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन के इतिहास में नए अध्याय की शुरुआत, 100 इलेक्ट्रिक बसों के जुड़ने से बेड़े की संख्या हुई 250 : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम के विकास और सार्वजनिक परिवहन के इतिहास में आज एक नई शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 100 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ और सेक्टर-48 में आधुनिक ई-बस डिपो का लोकार्पण गुरुग्राम को स्वच्छ, सुगम और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल शहर की बढ़ती परिवहन जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की यात्रा वर्ष 2018 में 25 बसों के साथ शुरू हुई थी। आज गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड के बेड़े में 150 सीएनजी बसें संचालित हैं। इनमें 100 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से कुल बसों की संख्या बढ़कर 250 हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना देश के शहरों में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का राष्ट्रीय प्रयास है। इस योजना के तहत देशभर में 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गुरुग्राम में 100 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ इसी व्यापक राष्ट्रीय संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
*मुख्यमंत्री ने कहा, गुरुग्राम की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का होगा विस्तार*
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम देश की आर्थिक प्रगति का प्रमुख केंद्र है। यहां देश-विदेश की कंपनियां, उद्योग, आईटी और सेवा क्षेत्र के संस्थान स्थापित हैं। प्रतिदिन लाखों लोग रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य आवश्यकताओं के लिए शहर में आवागमन करते हैं। शहर के तेजी से विस्तार के साथ सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की जरूरत भी बढ़ रही है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 100 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और सेक्टर-48 में आधुनिक ई-बस डिपो की स्थापना की गई है, जिससे बसों के सुचारू संचालन के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा और नागरिकों को आवागमन के अधिक विकल्प मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को सफल बनाने में जनभागीदारी भी महत्वपूर्ण है। निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक बसों का उपयोग करके प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार बुनियादी ढांचे के विकास को आमजन की रोजमर्रा की जरूरतों से जोड़कर काम कर रही है। सड़क, परिवहन, पेयजल और शहरी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर उनका लाभ लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। गुरुग्राम में ई-बस डिपो और नई इलेक्ट्रिक बसों से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई क्षमता मिलेगी और भविष्य में भी शहरों की आवश्यकताओं के अनुरूप परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
*विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में स्वच्छ और आधुनिक शहरों की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री*
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे सामने विकसित भारत-विकसित हरियाणा-2047 का लक्ष्य है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसे शहरों का निर्माण करना होगा, जहां आर्थिक अवसरों के साथ स्वच्छ हवा, बेहतर आवागमन और गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए शहरों का आधुनिक होने के साथ-साथ रहने योग्य और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार होना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ हरियाणा सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और प्रदूषण कम करने के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा का विस्तार कर रही है। वर्तमान में प्रदेश के 10 बड़े शहरों में 160 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हैं, जिनकी संख्या इस वर्ष के अंत तक बढ़ाकर 375 की जाएगी। गुरुग्राम में तैयार किया गया यह प्रदेश का तीसरा इलेक्ट्रिक बस डिपो है। इसके अलावा, पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत सोनीपत, पानीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में जल्द ही 450 नई मिनी बसें शुरू की जाएंगी। इससे लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, ऑटो-रिक्शा पर निर्भरता कम होगी और शहरवासियों का सफर अधिक सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल बनेगा।
पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से शहर को इन बसों की आवश्यकता थी। गुरुग्राम की सड़कों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए 9 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसें शहर के भीतर एक स्थान से दूसरे स्थान तक आवागमन को सुगम बनाएंगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम एनसीआर का प्रमुख आर्थिक केंद्र होने के साथ-साथ प्रदूषण की समस्या से भी जूझ रहा है। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की अपील भी की।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। कूड़ा-कचरा और पॉलिथीन जलाने से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण का बड़ा कारण बनता है। उन्होंने बताया कि पॉलिथीन न केवल जमीन में सैकड़ों वर्षों तक नष्ट नहीं होती, बल्कि सीवर व्यवस्था को भी बाधित करती है और जलने पर जहरीला धुआं फैलाती है। इसलिए लोगों को पॉलिथीन का इस्तेमाल बंद करने, कचरे का उचित निस्तारण करने और स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझने की आवश्यकता है। उन्होंने इंदौर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के नागरिकों की भागीदारी से शहर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। हमारा भी प्रयास होना चाहिए कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गुरुग्राम को स्वच्छ और सुंदर शहरों की श्रेणी में शामिल किया जाए।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के सीईओ डी.के. बेहेरा, सीपी शिवास कविराज सहित जीएमडीए तथा जीएमसीबीएल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।