_*पंचायतीराज आम चुनाव-2026*_
*जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बौंली क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण*
*निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश, बुजुर्गों एवं दिव्यांगों की सुविधा पर दिया जोर*
*सवाई माधोपुर, 31 अक्टूबर।* पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के मतदान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम तथा पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने शनिवार को बौंली पंचायत समिति क्षेत्र के जस्टाना, उदगांव, मित्रपुरा एवं मोरण सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जनरेटर से पावर बैकअप, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन के उपयोग संबंधी प्रतिबंध की पालना कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के सुगम आवागमन सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी भी मतदाता को मतदान में परेशानी नहीं हो। मतदान दलों के लिए ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
*सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा:-* निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने तथा निर्वाचन सामग्री एवं ईवीएम की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान एवं मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं में सतर्कता बरतने तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली, तहसीलदार, विकास अधिकारी, वृत्ताधिकारी बौंली, थानाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Bamanwas, Sawai Madhopur | Oct 31, 2026