*पंचायती राज आम चुनाव-2026*
*जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम संग्रहण एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया*
*ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम पर सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए*
*सवाई माधोपुर, 30 अक्टूबर।* जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) काना राम ने पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले की 4 पंचायत समितियों में 3 नवम्बर को होने वाले मतदान की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला मुख्यालय पर स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साहूनगर में ईवीएम तथा चुनाव सामग्री संग्रहण एवं वितरण केन्द्र (स्ट्रॉन्ग रूम) का दौरा किया और अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रबन्ध करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित अन्य अधिकारियों को ईवीएम एवं चुनाव सामग्री संग्रहण केन्द्र में साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को दुरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग से विद्यालय भवन में कुछ जगह मौजूद कचरे का हटाने और चुनाव सामग्री के वितरण और संग्रहण के दृष्टिगत स्ट्रॉन्ग रूम में समुचित प्रकाश व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि जिन कमरों में ईवीएम मशीनों को संग्रहित किया जाए, वहां बरसात के दौरान सीलन या छत टपकने की स्थिति नहीं बने।
काना राम ने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालय परिसर में बेरिकेडिंग को दुरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस केन्द्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन और निगरानी के लिए कन्ट्रोल रूम में समुचित पावर बैकअप की व्यवस्था की जाए ताकि विद्युत आपूर्ति में बाधा आने पर भी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और निगरानी व्यवस्था सुचारू रहे। उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम पर मौजूद बेल इलेक्ट्रॉनिक्स के इंजीनियर से मतदान दिवस के दिन ईवीएम मशीनों के प्रबन्धन और संचालन में बाधा आने पर मशीन को दुरस्त करने की निर्धारित प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों को रवाना करने से पहले चुनाव अधिकारियों को मतदान सामग्री वितरण के लिए की गई टेन्ट व्यवस्था का भी व्यापक अवलोकन किया और बरसात की आशंका के मद्देनजर मतदान रवानगी स्थल पर वाटरप्रूफ टेन्ट लगाने के निर्देश दिए।