बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, दुर्गा वॉरियर्स और गंगापुर हीरोज ने दर्ज की जीत
दबंग डैड्स ने पापा पैंथर्स को एक रन से हराया, हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड में दूधिया रोशनी के बीच क्रिकेट का रोमांच जारी
गंगापुर सिटी शहर में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा सुभाष एवं जीपीएस स्कूल, गंगापुर सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। 22 अक्टूबर से हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड में शुरू हुई इस प्रतियोगिता में तीसरे दिन तीन मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और टीम भावना का प्रदर्शन किया। दिन के मुकाबलों में दुर्गा वॉरियर्स और गंगापुर हीरोज ने जीत दर्ज की, जबकि दबंग डैड्स और पापा पैंथर्स के बीच खेला गया मुकाबला अंतिम क्षणों तक रोमांच से भरपूर रहा।
भारत विकास परिषद शाखा सुभाष के प्रांतीय संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज एवं जीपीएस स्कूल के डायरेक्टर चेतन अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 20 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें लगभग 300 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। टूर्नामेंट का आयोजन 3 नवंबर तक किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 5 बजे से मुकाबले आयोजित हो रहे हैं। दूधिया रोशनी में खेले जा रहे मैचों को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
**दुर्गा वॉरियर्स ने 55 रन से दर्ज की शानदार जीत**
टूर्नामेंट के तीसरे दिन पहला मुकाबला दुर्गा वॉरियर्स और वीरांगना-11 के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दुर्गा वॉरियर्स ने निर्धारित 8 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 97 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीरांगना-11 की टीम निर्धारित ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर केवल 42 रन ही बना सकी। इस तरह दुर्गा वॉरियर्स ने 55 रन के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
**गंगापुर हीरोज ने स्कूल शिक्षा परिवार को 28 रन से हराया**