चित्रकूट में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार की मौत, 12 घायल
रामनगर, चित्रकूट। जनपद चित्रकूट के थाना रैपुरा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चित्रकूट धाम से दर्शन कर अपने घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रामनगर के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। मृतकों में दो पुरुष और दो मासूम बच्चे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ज्ञानेंद्र सिंह पटेल पुत्र सुरेंद्र सिंह पटेल निवासी डीही, थाना चाकघाट, जनपद रीवा (मध्य प्रदेश) अपने परिवार और अन्य लोगों के साथ निजी ट्रैक्टर-ट्रॉली से चित्रकूट दर्शन करने आए थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 से 25 लोग सवार थे। 9 नवंबर की रात लगभग 2:30 बजे रामनगर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली का गुल्ला निकल जाने से ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली में बैठे लोग उसके नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना रैपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। इनमें राधेकृष्ण उर्फ गोवर्धन (50 वर्ष), त्रिवेणी (50 वर्ष), शिवांश (6 वर्ष) और पुष्पराज (8 वर्ष) शामिल हैं।
हादसे में घायल 12 लोगों में से सात की हालत गंभीर बताई गई, जबकि पांच को आंशिक चोटें आई हैं। सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।
घटना के समय क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद और थानाध्यक्ष रैपुरा भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।