युवाओं ने प्रकृति संवाद से जाना वृक्षों का महत्व
मौन संवाद के माध्यम से युवाओं ने की प्रकृति की अनुभूति
===========================
प्रकृति एवं संस्कृति संरक्षण के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, छिंदवाड़ा द्वारा अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत समाजसेवा में स्नातकोत्तर कर रहे युवा समाजसेवियों ने रविवार को धरम टेकड़ी एवं पीजी कॉलेज के समीप वृक्षों के महत्व को स्पर्श कर जाना और पेड़ों से मिलने वाली सकारात्मक अनुभूति को महसूस किया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरणविद् एवं परामर्शदाता श्री विनोद तिवारी ने बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों को पेड़ों के औषधीय गुणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीपल, बरगद, नीम, आम, जामुन सहित अन्य पेड़ फल देने के साथ-साथ छाया और शुद्ध ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं। इनके पत्तों और छाल में भी औषधीय गुण पाए जाते हैं। इसलिए इन सभी पेड़ों का संरक्षण करना अत्यंत आवश्यक है।
परामर्शदाता श्रीमती लता नागले ने कहा कि इस अवसर पर सभी ने मौन रहकर पेड़ों के साथ प्रकृति से संवाद किया और महसूस किया कि धरती पर मौजूद यह अनमोल खजाना हमारे लिए कितना जीवनदायी है। इसका संरक्षण करना अत्यंत आवश्यक है। परामर्शदाता श्रीमती तृप्ति सिंह ने वृक्षों के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धार्मिक रीति-रिवाजों में इन पेड़ों का महत्वपूर्ण स्थान है। इनकी पूजा-उपासना के माध्यम से हम प्रकृति की उपासना भी करते हैं। कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री श्यामलराव एवं श्री आशीष साहू ने पेड़ों के पत्तों के महत्व तथा जैविक खाद बनाने में उनके उपयोग की जानकारी दी। इस प्रकृति अध्ययन कार्यक्रम में एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी चित्रेश डेहरिया, शुभांगी साहू सहित मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सदस्य, बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh