स्वस्थ जीवनशैली ही अच्छे स्वास्थ्य का आधार, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
आयुर्वेद अपनाओ और जीवन में खुशहाली लाओ का दिया संदेश
=============================
छात्राओं को स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर के निर्देशानुसार आयुष्मान आरोग्य मंदिर माल्हनवाड़ा द्वारा स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय कन्या छात्रावास में आज जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ.रश्मि नेमा (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. पवन नेमा, संस्था के संयोजक श्री श्यामल राव तथा छात्रावास अधीक्षक श्रीमती साधना गजभिये उपस्थित थी।
इस अवसर पर श्री श्यामल राव ने बताया कि वर्तमान समय में मौसमी खाद्य पदार्थों का समय पर सेवन नहीं करना, गलत खान-पान, जंक फूड का अधिक सेवन, तनाव, शारीरिक गतिविधियों की कमी और प्रदूषण के कारण कई प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इन बीमारियों की रोकथाम के लिए जीवनशैली में बदलाव करना आवश्यक है।
डॉ. रश्मि नेमा ने छात्राओं को बताया कि आयुर्वेदिक पद्धतियों को अपनाकर, संतुलित आहार लेकर, नियमित व्यायाम एवं मनोरंजन के साथ पर्याप्त नींद लेने, स्वच्छता बनाए रखने और मानसिक तनाव से दूर रहकर गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। डॉ. पवन नेमा ने कहा कि स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन जीने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सजग रहना चाहिए। निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में डॉ. रश्मि नेमा द्वारा छात्राओं में मासिक धर्म की अनियमितता, त्वचा विकार, श्वेत प्रदर, कृमि तथा अरुचि जैसी समस्याओं का उपचार किया गया और आवश्यक औषधियां प्रदान की गईं।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of Ayush, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh