#बालाघाट
अब डेंजर रोड नहीं, ‘अटल वनस्पति मार्ग’ के नाम से पहचानी जाएगी सड़क
12.24 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 7.48 किलोमीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट सड़क, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया भूमिपूजन
बालाघाट को तीन साल में 4 हजार करोड़ रुपये की सड़कों की सौगात, अगले दो साल में प्रदेश में बनेंगे 2 लाख करोड़ के एक्सप्रेस-वे
बालाघाट की बहुप्रतीक्षित गर्रा-गायखुरी-गोंगलई-नवेगांव सड़क अब अपनी नई पहचान के साथ विकास की नई राह खोलेगी। अब तक डेंजर रोड के नाम से पहचानी जाने वाली यह सड़क भविष्य में ‘अटल वनस्पति मार्ग’ के नाम से जानी जाएगी। मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने 29 नवंबर को 12 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 7.48 किलोमीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट सड़क का भूमिपूजन किया। वैनगंगा नदी के किनारे घने जंगल और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच से गुजरने वाला यह मार्ग न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को भी नई दिशा देगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, श्रीमती अनुभा मुंजारे, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कांवरे, पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन सहित जनप्रतिनिधि एवं लोक निर्माण विभाग जबलपुर के मुख्यं अभियंता श्री आनंद प्रकाश राणे, अधीक्षण यंत्री श्री बी एल भलावी, पीआईयू भवन के अधीक्षण यंत्री श्री डी के कौरव, कार्यपालन यंत्री श्री बी एस अड़में, विद्युत यांत्रिकी के कार्यपालन यंत्री श्री प्रदीप पड़वार, सेतु संभाग के एसडीओ श्री अर्जुन सिंह सनोडिया, सड़क विकास प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक श्री बेले, एवं अन्यब अधिकारी उपस्थित थे।
तीन साल में बालाघाट को मिली 4 हजार करोड़ की सड़क परियोजनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। बालाघाट जिले को पिछले तीन वर्षों में लगभग 4 हजार करोड़ रुपये की लागत की सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली है। सड़कें किसी भी क्षेत्र की प्रगति की जीवनरेखा होती हैं। अच्छी सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के अवसरों को भी विस्तार देती हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय था जब प्रदेश की सड़कों पर गड्ढों के कारण आवागमन चुनौतीपूर्ण हो जाता था। इस समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग ने नवाचार करते हुए ‘लोकपथ एप’ तैयार किया है। अब कोई भी नागरिक सड़क पर गड्ढे की तस्वीर लेकर इस एप पर अपलोड कर सकता है। शिकायत सीधे संबंधित जिले के कार्यपालन यंत्री तक पहुंचती है। अधिकारी की जिम्मेदारी है कि निर्धारित समय में गड्ढे का सुधार कर उसकी जानकारी एप पर अपलोड करें। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई का प्रावधान है। इस व्यवस्था से सड़क रखरखाव में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हुई है और जवाबदेही भी बढ़ी है।
सड़कों की गुणवत्ता से समझौता नहीं, उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग
मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क निर्माण में स्थानीय स्तर के बिटुमिन के स्थान पर सेंट्रल रिफाइनरी के उच्च गुणवत्ता वाले बिटुमिन का उपयोग किया जा रहा है, ताकि सड़कें अधिक टिकाऊ और मजबूत बनें। उन्होंने बताया कि पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सड़क परियोजनाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को भी जोड़ा जा रहा है। सड़क निर्माण के लिए जिस स्थान से मिट्टी निकाली जाती है, वहां ‘लोक कल्याण सरोवर’ विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश में पिछले एक वर्ष में लगभग 700 लोक कल्याण सरोवर बनाए जा चुके हैं।
सड़क निर्माण के साथ जल संरक्षण और पर्यावरण पर भी जोर
मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। सरकार का प्रयास है कि सड़क निर्माण के साथ प्रकृति और जल संसाधनों का संरक्षण भी हो। आने वाले समय में सड़कों के किनारे रिचार्ज बोर बनाए जाएंगे तथा पुलों का निर्माण भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था के साथ किया जाएगा। इससे वर्षा जल का संचयन और भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में अगले दो वर्षों में लगभग 2 लाख करोड़ रुपये की लागत से एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जाएगा। ये एक्सप्रेस-वे प्रदेश के विकास की जीवनरेखा बनेंगे और औद्योगिक, व्यापारिक एवं पर्यटन गतिविधियों को नई गति प्रदान करेंगे।
15 से 20 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि गर्रा-गायखुरी-गोंगलई-नवेगांव मार्ग का नाम ‘अटल वनस्पति मार्ग’ रखना इस क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा। वैनगंगा नदी के किनारे घने वन क्षेत्र से गुजरने वाला यह मार्ग प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। सड़क के बेहतर होने से यहां पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि 7.48 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 12 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। सड़क की मुख्य चौड़ाई 5.50 मीटर तथा साइड शोल्डर सहित कुल चौड़ाई 10 मीटर होगी। सीमेंट कांक्रीट से बनने वाली इस सड़क का लाभ बालाघाट शहर सहित आसपास के 15 से 20 गांवों की आबादी को मिलेगा। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक हो सकेगा।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #pwdminmp #MPRakeshSingh
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 29, 2026