ऑनलाइन भजन प्रतियोगिता में गवर्नमेंट पीजी कॉलेज चंडीगढ़ की पूजा ने मारी बाजी
यमुनानगर। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित ऑनलाइन भजन गायन प्रतियोगिता में राजकीय पीजी कॉलेज चंडीगढ़ की पूजा रावत ने अपनी मधुर आवाज से निर्णायकों का दिल जीतते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। डीएवी गर्ल्स कॉलेज के संगीत विभाग एवं वुमेन सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में अंबाला, यमुनानगर, चंडीगढ़, करनाल सहित विभिन्न जिलों के कॉलेजों से 18 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगीत विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीता द्विवेदी और वुमेन सेल की कनवीनर डॉ. मीनाक्षी सैनी ने की। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां देकर आध्यात्मिक माहौल बनाया। निर्णायक मंडल में वाणिज्य विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर विवेक तथा अंग्रेजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर लवली राज शामिल रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का मूल्यांकन गायन की मधुरता, सुर, ताल, लय और प्रस्तुति के आधार पर किया।
प्रतियोगिता में एसडी कॉलेज अंबाला कैंट के युवराज ने द्वितीय और जीएनजी कॉलेज की प्रगति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एसडी कॉलेज अंबाला कैंट की गुरूसा, डीएवी गर्ल्स कॉलेज की महक व नैंसी तथा राजकीय कॉलेज इंद्री की शिवानी को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. परमेश कुमार, डॉ. शिखा, मनिका सेठी और नीलम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।