फरीदाबाद हाफ मैराथन में दौड़ने का संग्राम सिंह ने किया आह्वान, बोले नशे से दूरी और फिटनेस स्वस्थ भारत की कुंजी
अंतरराष्ट्रीय पहलवान संग्राम सिंह ने लोगों से 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाली ‘फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। हरियाणा सरकार के ‘हरियाणा उदय’ कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन इसका आयोजन करेगा।
वीडियो संदेश में संग्राम सिंह ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य केवल दौड़ना नहीं, बल्कि लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा, “शरीर तभी तक आपका साथ देगा, जब आप उसके मित्र बनकर रहेंगे और नशे से दूर रहेंगे।”
उन्होंने युवाओं से फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील करते हुए संदेश दिया—“फिट है इंडिया तो हिट है इंडिया।”
जिला प्रशासन ने नागरिकों, युवाओं, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थानों से अधिक संख्या में मैराथन में भाग लेकर स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति के इस जन-अभियान को सफल बनाने की अपील की है।