विनोद साहनी हत्याकांड और चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले के विरोध में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
संतकबीरनगर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला अध्यक्ष अनुज फौजी की अगुवाई में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में जनपद गोंडा में विनोद साहनी की हत्या, अयोध्या में हुई घटनाओं तथा बाराबंकी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रोके जाने और कथित पथराव की घटना का मुद्दा उठाया गया।
इसके अलावा पंचायत सहायकों की मांगों, 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण से संबंधित प्रकरण और धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों के निराकरण की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष अनुज फौजी ने कहा कि पार्टी दलित, वंचित और शोषित समाज के अधिकारों की लड़ाई संवैधानिक तरीके से जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के साथ लगातार हो रही घटनाओं को लेकर पार्टी गंभीर है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाएं दोबारा होती हैं तो पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगी।
कार्यकर्ताओं ने गोंडा के विनोद साहनी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।