एक साल में ही ध्वस्त हो गए छठ घाट, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
हत्था पंचायत में लाखों की लागत से बने सीढ़ी घाटों की हालत जर्जर, घटिया निर्माण का आरोप; उच्चस्तरीय जांच की मांग
छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहा है। इसी बीच बंदरा प्रखंड की हत्था पंचायत में बने छठ घाटों की बदहाल स्थिति सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व पंचायत के मुखिया की ओर से पंचायत में दो से तीन सीढ़ी घाटों का निर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण के एक साल के भीतर ही घाटों की सीढ़ियां टूटने लगी हैं और पूरा निर्माण जर्जर हालत में पहुंच गया है।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घाट निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। इतना ही नहीं, निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित शिलापट्ट भी नहीं लगाया गया, जिससे योजना की लागत, निर्माण एजेंसी और अन्य जरूरी विवरणों की जानकारी सार्वजनिक नहीं हो सकी।
छठ जैसे महत्वपूर्ण महापर्व से ठीक पहले घाटों की ऐसी स्थिति देखकर स्थानीय श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सरकारी राशि से बने घाट एक साल भी नहीं टिक सके, जो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने और अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।