मुजफ्फरपुर में रफ्तार का कहर! शौच के लिए निकली महिला को पिकअप ने कुचला, मौके पर मौत; पकड़े जाने के डर से बागमती नदी में कूदा चालक
मुजफ्फरपुर के गायघाट में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। सुबह-सुबह शौच के लिए घर से निकली 43 वर्षीय महिला को अनियंत्रित पिकअप वाहन ने कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर पिकअप को पकड़ लिया। वहीं, पकड़े जाने के डर से चालक बागमती नदी में कूदकर फरार हो गया।
दरअसल, घटना गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा गांव के पास NH-27 की है। मृतका की पहचान केवटसा निवासी 43 वर्षीय पुनीता देवी, पति फकीरा पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पुनीता देवी सुबह शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने खदेड़कर बेनीबाद के खादी भंडार के पास वाहन पकड़ लिया। इसके बाद चालक पिकअप छोड़कर बागमती नदी में कूद गया।
सूचना पर बेनीबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप जब्त कर पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। घटना से गांव में मातम पसरा है।
#MuzaffarpurNews #Gayghat #RoadAccident #BiharNews #TirhutNow