माय भारत प्रतापगढ़ द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
प्रतापगढ़। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (माय भारत), प्रतापगढ़ द्वारा सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रतापगढ़ में विकसित भारत युवा संसद 2027 एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के चैलेंज ट्रैक के जिला स्तरीय PPT राउंड का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फादर स्टेनी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जेनजी और जेन अल्पा अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार, रचनात्मक सोच एवं उद्यमशीलता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का सकारात्मक उपयोग करते हुए नए विचारों, कौशल एवं नेतृत्व क्षमता के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों ने भी युवाओं को संबोधित किया तथा उन्हें इस प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी हेमंत मथुरिया ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विकसित भारत युवा संसद एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग युवाओं को नेतृत्व, लोकतांत्रिक सहभागिता, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की प्रारंभिक प्रक्रिया माय भारत पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन क्विज से प्रारंभ होती है, जिसके पश्चात निबंध लेखन एवं जिला स्तरीय पीपीटी राउंड के माध्यम से प्रतिभागियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। वहीं विकसित भारत युवा संसद के माध्यम से युवाओं में संवैधानिक समझ, संसदीय परंपराओं एवं सार्वजनिक मुद्दों पर तार्किक अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित की जाती है।
विकसित भारत युवा संसद 2027 का आयोजन सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रतापगढ़ में किया गया, जिसका विषय “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” रहा। वहीं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के चैलेंज ट्रैक का पीपीटी राउंड भी इसी विद्यालय में आयोजित हुआ। इसमें प्रतिभागियों ने अपने विजन, नवाचारपूर्ण विचार एवं भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में विकसित भारत युवा संसद के निर्णायक मंडल के रूप में फादर स्टेनी, निरंजन कुमार, तुषार मेहता, ममता कुँवर, सौरभ मालू शिक्षाविदों एवं विषय विशेषज्ञों ने भाग लिया।
वहीं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 – चैलेंज ट्रैक PPT राउंड के निर्णायक मंडल में ममता कुंवर, निरंजन कुमार, तुषार मेहता विषय विशेषज्ञ शामिल रहे।
आयोजन में माय भारत के स्वयंसेवकों एवं सहयोगी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी विद्यालय प्रशासन एवं समस्त सहयोगकर्ताओं एवं सफल आयोजन में सौरभ मालू , श्वेता जैन माय भारत स्वयंसेवक मंगल सुथार , लेखा एवं कार्यक्रम सहायक मुरारी सेनी महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन अनय दसोरिया, नव्या भटनागर द्वारा किया गया।