समाहरणालय, कैमूर*
=================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
==================
प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक 14.10.2026*
==================
जिला पदाधिकारी ने लॉन्च किया Kaimur: Plateau of Blessings / आशीर्वादों का पठार Campaign, युवाओं को मिलेगा प्रतिभा और नवाचार प्रदर्शित करने का मंच
Kaimur: Plateau of Blessings campaign के तहत www.mykaimur.in पोर्टल लॉन्च |
इस पोर्टल पर शॉर्ट वीडियो/रील प्रतियोगिता एवं इनोवेशन चैलेंज का शुभारंभ; विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
कैमूर जिले के युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा जिले की समृद्ध प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, कैमूर द्वारा ‘Kaimur: Plateau of Blessings / आशीर्वादों का पठार’ अभियान की शुरुआत की गई।
इस अभियान के तहत www.mykaimur.in पोर्टल लॉन्च किया गया है। यह एक सार्वजनिक मंच है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति कैमूर जिले से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकता है तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले सकता है।
प्रथम चरण में इस पर कई तरह के प्रतियोगिता कराए जायेंगे और लोगों के द्वारा सांझा किए गए कैमूर से संबंधित फोटोज, वीडियो आदि को लोगों के लिए प्रदर्शित किए जायेंगे, जिस से कोई भी बाहर का व्यक्ति कैमूर जिले के बारे में जानकारी ले सकता है।
पोर्टल के शुभारंभ के अवसर पर जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत पूरे वर्ष युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों को सामने लाने तथा जिले के विकास और सकारात्मक पहचान में सहभागी बनने का अवसर प्रदान करना है। युवा उत्सव को ध्यान में रखते हुए अभियान के प्रथम चरण में शॉर्ट वीडियो/रील प्रतियोगिता एवं इनोवेशन चैलेंज का शुभारंभ किया गया है।
कैमूर की खूबसूरती और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगी नई पहचान
शॉर्ट वीडियो/रील प्रतियोगिता के अंतर्गत कैमूर जिले का कोई भी युवा भाग ले सकता है। प्रतिभागी अपने स्तर से कैमूर जिले के पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, छिपे हुए पर्यटन स्थलों (Hidden Gems), कला-संस्कृति, परंपराओं और अन्य सकारात्मक पहलुओं को प्रदर्शित करते हुए शॉर्ट वीडियो अथवा रील तैयार कर प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के माध्यम से कैमूर जिले की सकारात्मक छवि को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करना तथा जिले के ऐसे स्थलों और सांस्कृतिक विशेषताओं को सामने लाना है, जिनके बारे में अभी अधिक लोगों को जानकारी नहीं है। इससे कैमूर के पर्यटन स्थलों को पहचान मिलेगी और जिले की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
प्रतियोगिता का वर्तमान सीजन अक्टूबर माह के अंत तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रतियोगिता का अगला सीजन लॉन्च किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन कंटेंट क्रिएटर्स के वीडियो को आधिकारिक पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाएगा एवं पुरस्कृत किया जाएगा। इस प्रकार युवाओं को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से जिले की पहचान बढ़ाने का अवसर मिलेगा। साथ हीं, सभी प्रतिभागियों के द्वारा समर्पित कंटेंट की समीक्षा के बाद उसे mykaimur.in पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाएगा।
जनहितकारी नवाचारों को मिलेगा प्रोत्साहन, सरकारी योजनाओं से जोड़कर होगा क्रियान्वयन
अभियान के तहत शुरू किए गए इनोवेशन चैलेंज का उद्देश्य युवाओं के नए विचारों एवं जनहितकारी नवाचारों को प्रोत्साहित करना है। ऐसे युवा, जिन्होंने कोई ऐसा नवाचार विकसित किया है जिससे आम नागरिकों को सुविधा मिले अथवा उनकी समस्याओं का समाधान हो सके, वे इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
विशेष रूप से ऐसे नवाचारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें उपयुक्त सरकारी योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर धरातल पर लागू किया जा सके। इससे युवाओं के विचारों को व्यावहारिक रूप देने तथा जनहित में उनके उपयोग की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ नवाचार प्रस्तुत करने वाले शीर्ष तीन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही, सरकारी योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर उपयोगी नवाचारों के क्रियान्वयन की दिशा में भी पहल की जाएगी।
कैमूर के सभी पर्यटन स्थलों और ‘हिडेन जेम्स’ की जानकारी एक ही पोर्टल पर
जिला पदाधिकारी ने बताया कि आने वाले समय में www.mykaimur.in पोर्टल को कैमूर जिले की पर्यटन एवं सांस्कृतिक पहचान के एक व्यापक डिजिटल मंच के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पर जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक आकर्षणों, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों तथा छिपे हुए पर्यटन स्थलों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पोर्टल पर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के वीडियो एवं तस्वीरों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आम नागरिक और पर्यटक एक ही स्थान पर कैमूर की विशेषताओं, पर्यटन स्थलों तथा स्थानीय प्रतिभाओं से परिचित हो सकें। इससे जिले के पर्यटन को प्रोत्साहन देने और कैमूर को एक विशिष्ट पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
जनसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को भी मिलेगा मंच
जिला पदाधिकारी ने यह भी बताया कि अभियान के आगामी चरण में सरकारी अधिकारियों एवं लोकसेवा से जुड़े कर्मियों के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक सेवा व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों के कार्यों और उपलब्धियों को प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकेगा।
इस पहल के अंतर्गत शिक्षक, चिकित्सक, कृषि विभाग आदि के पदाधिकारी एवं अन्य लोकसेवा से जुड़े कर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को सामने लाने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य जनसेवा में बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करना, उनके अच्छे कार्यों को पहचान दिलाना तथा अन्य लोगों को भी प्रेरित करना है।
युवाओं की भागीदारी से साकार होगा अभियान का उद्देश्य
पोर्टल लॉन्च कार्यक्रम में जिले के कई युवा सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जनसम्पर्क से जुड़े पदाधिकारी तथा मुख्यमंत्री फेलो सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
‘Kaimur Plateau of Blessings – आशीर्वादों का पठार’ अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन ने युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा, तकनीकी दक्षता और नवाचार को सकारात्मक दिशा देने की पहल की है। यह अभियान कैमूर की पहचान को डिजिटल माध्यमों से व्यापक स्तर पर पहुंचाने, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा जनहितकारी विचारों को विकास की प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
#Kaimur #KaimurPlateauOfBlessings #आशीर्वादों_का_पठार #MyKaimur #KaimurTourism #BiharTourism #YouthEmpowerment #InnovationChallenge #ReelsContest #kaumurdm #samratchoudhary #CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
15 views | Kaimur, Bihar | Oct 14, 2026