समाहरणालय, कैमूर*
=================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
==================
प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक 13.10.2026*
==================
कैमूर में राज्य स्तरीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
जिला पदाधिकारी एवं डीएवी स्कूल के निदेशक ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, बिहार के नौ प्रमंडलों एवं एकलव्य केंद्र के 500 खिलाड़ी ले रहे हैं भाग
कैमूर जिले को राज्य स्तरीय विद्यालय कुश्ती बालक (फ्री स्टाइल एवं ग्रीको रोमन) अंडर-14/17/19 प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय कुश्ती (बालक वर्ग) प्रतियोगिता का शुभारंभ 13 अक्टूबर 2026 को कैमूर जिले के डीएवी स्कूल, जद्दुपुर के ऑडिटोरियम में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री कुमार अनुराग एवं डीएवी स्कूल के निदेशक श्री दिनेश सिंह ने दीप प्रज्वलित कर तथा नारियल तोड़कर किया।
यह प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में आयोजित विद्यालय स्तरीय खेल प्रतियोगिता का हिस्सा है। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के वे चयनित छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिन्होंने जिला एवं प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई है।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार राज्य के सभी नौ प्रमंडलों—तिरहुत, मुंगेर, भागलपुर, पटना, सारण, मगध, दरभंगा, पूर्णिया एवं कोसी—तथा एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के लगभग 500 खिलाड़ी एवं 50 टीम कोच और मैनेजर भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों एवं निर्धारित भार वर्गों के अंतर्गत कुश्ती के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, तकनीक, कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन 13 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस आयोजन से प्रतिभाशाली विद्यालयी खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने तथा राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में बिहार राज्य कुश्ती संघ के सचिव श्री विनय सिंह, बक्सर कुश्ती संघ के सचिव श्री निर्मल सिंह यादव, श्री बिरजू सिंह पटेल, श्री हरिशंकर तिवारी, श्री अवधेश कुमार एवं श्री सुनील सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवासन प्रभारी, निबंधन प्रभारी, विधि-व्यवस्था प्रभारी, मंच संचालन प्रभारी एवं अनुशासन प्रभारी सहित कई उपसमितियों का गठन किया गया है।
राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन से कैमूर जिले को खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत करने का अवसर मिला है। साथ ही, इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यालयी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और कुश्ती खेल के विकास को नई गति प्राप्त होगी इस खेल प्रतियोगिता के दौरान माननीय जिलाधिकारी कैमूर के द्वारा राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी अन्नू गुप्ता उपस्थित रहीं जो मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना के अंतर्गत सहकारिता विभाग रोहतास में कार्यरत हैं।तथा इसी माह में सेवानिवृत्त हो रहे शरीरिक शिक्षक( मध्य विद्यालय शिवपुर ,भभुआ) से श्री अखिलेश कुमार को भी माननीय जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा सम्मानित किया गया।
#Kaimur #BiharSports #WrestlingChampionship #StateLevelSports #BiharYouth #kaimurdm #samratchoudhary #CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Kaimur, Bihar | Oct 13, 2026