#बलरामपुर; भव्य पुनर्विकास,नवप्रतिमा स्थापना के साथ नए स्वरूप में सजा बलरामपुर का ऐतिहासिक आज़ाद पार्क...
विरासत का सम्मान,विकास का संकल्प...
रिपोर्ट- इमरान अली शाह
#बलरामपुर। जनपद बलरामपुर में संतोषी माता मंदिर के निकट स्थित ऐतिहासिक आज़ाद पार्क के सुंदरीकरण, पुनर्विकास, नवप्रतिमा स्थापना एवं विभिन्न नव निर्माण कार्यों का रविवार को भव्य समारोह के बीच विधिवत लोकार्पण किया गया। लोकार्पण समारोह में महंत मिथलेश नाथ योगी जी महाराज,देवीपाटन मंदिर,तुलसीपुर,सदर विधायक पल्टूराम एवं नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कर-कमलों द्वारा विधिवत लोकार्पण किया।
आज़ाद पार्क के पुनर्विकास के बाद इसका स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित हो गया है। पार्क में कराए गए सुंदरीकरण एवं नव निर्माण कार्यों से न केवल नगर की सुंदरता में वृद्धि हुई है,बल्कि ऐतिहासिक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े इस स्थल को नई पहचान भी मिली है। नवप्रतिमा स्थापना के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली स्मृतियों एवं राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत किया गया है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज़ाद पार्क केवल एक पार्क नहीं,बल्कि बलरामपुर की ऐतिहासिक चेतना और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है। इसके पुनर्विकास से इस महत्वपूर्ण स्थल को नई पीढ़ी के लिए और अधिक उपयोगी एवं प्रेरणादायी बनाया गया है। यह स्थान युवाओं एवं नगरवासियों को देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और त्याग की याद दिलाता रहेगा।
समारोह में संत सर्वेश जी महाराज,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौम्य अग्रवाल,भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा,डी.पी. सिंह बैस,नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा,जिला उपाध्यक्ष संजय शुक्ला,ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी,अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य,सम्मानित सभासदगण,नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी,व्यापारिक बंधु,मातृशक्ति तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने आज़ाद पार्क के पुनर्विकास कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण केवल वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति भी हमारा दायित्व है। ऐसे स्थलों के विकास से बच्चों और युवाओं को अपने इतिहास,स्वतंत्रता संग्राम तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की जानकारी एवं प्रेरणा मिलती है।
नगर पालिका परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की श्रृंखला में आज़ाद पार्क का पुनर्विकास भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नगर के सौंदर्यीकरण,ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर किए जा रहे प्रयासों से बलरामपुर को एक बेहतर एवं सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
लोकार्पण अवसर पर नगरवासियों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की और ऐतिहासिक आज़ाद पार्क के नए स्वरूप का स्वागत किया। कार्यक्रम में नगर के विकास एवं ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने के लिए जनप्रतिनिधियों तथा नगर पालिका परिषद के प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की ओर से उपस्थित सभी संत-महात्माओं,जनप्रतिनिधियों,पदाधिकारियों,अधिकारियों-कर्मचारियोंव्यापारिक संगठनों,मातृशक्ति एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
आज़ाद पार्क का यह नया स्वरूप बलरामपुर की गौरवशाली विरासत,राष्ट्रभक्ति और विकास के संकल्प को एक साथ अभिव्यक्त करता है। आने वाले समय में यह स्थल नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र होने के साथ-साथ नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम एवं स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों की प्रेरणा देने वाला महत्वपूर्ण स्थल बनेगा।
“विरासत का सम्मान,विकास का संकल्प — यही है नए बलरामपुर की पहचान।”
#balrampur #nagarpalika #azadpark