महिला सशक्तिकरण की नई पहल: भगवानपुर में खुला ‘जीविका सुधा बिक्री केंद्र’, DM कुमार गौरव ने किया उद्घाटन
मुजफ्फरपुर के भगवानपुर पंचायत में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। जीविका एवं कॉम्फेड (तिमूल मिल्क यूनियन, सुधा) के संयुक्त तत्वावधान में ‘जीविका सुधा बिक्री केंद्र’ का शुभारंभ किया गया। केंद्र का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर डीएम कुमार गौरव ने कहा कि यह पहल महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। खास बात यह है कि जीविका सुधा बिक्री केंद्रों का संचालन भी महिलाओं द्वारा ही किया जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक स्वतंत्रता के साथ नेतृत्व का अवसर भी मिलेगा।
भगवानपुर पंचायत में खुले इस केंद्र का संचालन चयन प्रक्रिया के तहत चयनित जीविका दीदी सुनीता देवी करेंगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी बनाना और गांव स्तर पर गुणवत्तापूर्ण दुग्ध एवं सुधा उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में तिमूल मिल्क यूनियन के एमडी फूल कुमार झा, जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक अनिशा सहित जीविका, तिमूल और स्थानीय संगठन से जुड़े कई पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
#TirhutNow #Muzaffarpur #Jeevika #JeevikaSudha #Sudha