जेल की चारदीवारी में भावुक हुआ रक्षाबंधन, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी… छलके आंसू
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय जेल में भाई-बहन के प्रेम और विश्वास की भावुक तस्वीर देखने को मिली। जेल में बंद सजायाफ्ता और विचाराधीन कैदियों से मिलने के लिए बड़ी संख्या में उनकी बहनें पहुंचीं। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र, सलामती और जल्द घर वापसी की दुआ मांगी।
भाई की कलाई पर राखी बांधते समय कई बहनें भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। जेल के मुख्य गेट के बाहर सुबह से ही बहनें कतार में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं। जेल प्रशासन की ओर से रक्षाबंधन को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे।
जेल अधीक्षक यूसुफ रिजवान ने बताया कि राखी बांधने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन लिए गए थे। राखी बांधने की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू हुई और अंतिम व्यक्ति तक व्यवस्था जारी रखने का प्रयास किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर जेल गेट और सभी चेक प्वाइंट पर सख्त जांच की गई। बहनों द्वारा लाई गई मिठाइयों की भी जांच के बाद ही उन्हें कैदियों तक पहुंचाया गया।
जेल की ऊंची दीवारों के बीच भाई-बहन का यह मिलन कई लोगों की आंखें नम कर गया।
#TirhutNow #RakshaBandhan #MuzaffarpurNews #KhudiramBoseJail #RakshaBandhan2026