भागलपुर, 31 अगस्त 2026:- श्रीमती अलंकृता पाण्डेय (भा०प्र०से०), जिलाधिकारी, भागलपुर द्वारा आज दिनांक 31 अगस्त 2026 को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), बिरनौध का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर कक्षा संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों, मूल्यांकन व्यवस्था एवं विद्यालय में उपलब्ध अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं से प्रायोगिक कक्षाओं के संचालन एवं मूल्यांकन प्रक्रिया के संबंध में भी संवाद किया।
जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक स्तर का नियमित आकलन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साप्ताहिक मूल्यांकन आयोजित कराने का निर्देश दिया। साथ ही, कम्प्यूटर शिक्षक को विद्यालय में स्थापित आईसीटी लैब का निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा छात्र-छात्राओं को कम्प्यूटर संबंधी गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन कराने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में सुव्यवस्थित कक्षा संचालन एवं छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता अतिशीघ्र सुनिश्चित करने हेतु संबंधित प्रधानाध्यापक को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा विद्यालय परिसर में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों में कुछ कमियां पाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित संचालक एवं वार्डेन को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए विद्यालय एवं छात्रावास परिसर को साफ-सुथरा एवं स्वच्छ बनाए रखने तथा छात्रावास का नियमानुसार सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही, जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में आवश्यक अनुवर्ती कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
19 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 31, 2026